अचलपुर | प्रतिनिधि:
स्वामी विवेकानंद विचार मंच बहुउद्देशीय संस्था, अचलपुर तथा भागवताचार्य पंडित नंदकिशोर शर्मा सार्वजनिक ग्रंथालय के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में महावीर भवन, टक्कर चौक में भव्य विद्यार्थी सत्कार समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।
43 गांवों के 846 विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण
संस्था अध्यक्ष पंडित गजानन शर्मा ने बताया कि इस वर्ष अचलपुर क्षेत्र के 43 गांवों से कुल 846 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। समारोह में 176 विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) तथा 340 विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं पर्यावरण मंत्रालय, भारत सरकार की तज्ञ मूल्यांकन समिति के सदस्य जयपुरकर सर ने की। मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा महाराष्ट्र के प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन नगराध्यक्ष सौ. रुपाली अभय माथने ने दीप प्रज्वलन एवं भारत माता तथा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
सर्वाधिक अंक प्राप्त विद्यार्थी को ₹11 हजार का पुरस्कार
समारोह में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी रणविजय चित्रकार को स्व. बुधरामजी भवरीलालजी शर्मा की स्मृति में बाबूजी कैटरिंग एवं महालक्ष्मी कैटरिंग (चेतन शर्मा व रोहन शर्मा) की ओर से ₹11,000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
समारोह में गजानन कोल्हे, सुधीर भाऊ रसे, रूपेश ढेपे, तुषार भाऊ खेरडे, विनिता ताई धर्मा, अक्षय पखाले, सुनील ठाकरे, अनिकेत मिश्रा, कचरुलाल पटवारी, डॉ. हर्षद मडघे, रवी गुप्ता, हिना कुरेशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन दिनकर माकोडे ने किया, प्रस्तावना संस्था अध्यक्ष पंडित गजानन शर्मा ने रखी तथा आभार प्रदर्शन श्याम साऊरकर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में स्टेलर एकेडमी, पुष्पांजली मेडिकल्स, लायन्स क्लब अचलपुर आणि विविध सामाजिक संस्थाओं का विशेष सहयोग रहा।










